फटाकों की आतिशबाजी बनी आगजनी की वजह, झोपड़ियां और स्कूल का क्लासरूम भी आग की चपेट में; उत्तन कचरा परियोजना में तीन दिनों से आग बुझाने का काम जारी।
भाईंदर : दिवाली के त्योहार के दौरान पटाखों की आतिशबाजी के चलते मिरा-भाईंदर शहर में आग लगने की घटनाओं में भारी बढ़ोतरी देखने को मिली। पिछले दो दिनों में शहर के अलग-अलग इलाकों में कुल 129 जगहों पर आग लगने की घटनाएं सामने आईं। इनमें से अकेले 107 घटनाएं लक्ष्मी पूजन की रात दर्ज की गईं।
जानकारी के मुताबिक, शनिवार रात शहर में आग लगने की 22 घटनाएं दर्ज की गई थीं। वहीं, रविवार रात इन घटनाओं में अचानक बढ़ोतरी हुई। उत्तन अग्निशमन केंद्र की सीमा में 2, नवघर में 14, कनकिया में 30, सिल्वर पार्क में 19, पेनकरपाड़ा में 15 और स्वर्गीय कल्पना चावला अग्निशमन केंद्र की सीमा में 27 आग की घटनाएं दर्ज की गईं। इस तरह एक ही रात में कुल 107 घटनाएं सामने आईं।
इन घटनाओं में कई जगहों पर आग ने गंभीर रूप ले लिया। प्लैनेट परिसर में मंडप के सामान में आग लगने से भारी नुकसान हुआ। वहीं, मांडवीपाड़ा की झोपड़पट्टी में लगी आग में 5 से 6 झोपड़ियां जलकर खाक हो गईं। एस.एम. हाईस्कूल के भूतल पर स्थित एक क्लासरूम भी आग की चपेट में आ गया। इसके अलावा काशीगांव और हाटकेश इलाके में भी आग लगने की गंभीर घटनाएं सामने आईं।
अन्य स्थानों पर लगी आग की घटनाएं अपेक्षाकृत छोटी थीं। अग्निशमन विभाग की टीमों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। यह जानकारी अग्निशमन अधिकारी प्रकाश बोराडे ने दी।
उत्तन कचरा परियोजना में तीन दिनों से आग धधक रही
उत्तन स्थित घनकचरा प्रकल्प में शनिवार सुबह भीषण आग लगने की घटना सामने आई थी। इसके बाद अग्निशमन विभाग ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने और राहत कार्य शुरू किया। हालांकि, तीन दिन बीत जाने के बाद भी परियोजना में बीच-बीच में आग सुलग रही है। इसके चलते अग्निशमन विभाग का अभियान लगातार जारी है।
पटाखों के धुएं से प्रदूषण का स्तर 400 के पार
दिवाली पर पटाखों की भारी आतिशबाजी का असर शहर की हवा पर भी देखने को मिला। पटाखों से निकलने वाले धुएं के कारण मिरा-भाईंदर में वायु प्रदूषण का स्तर काफी बढ़ गया। रविवार को शहर का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 400 के पार दर्ज किया गया। प्रदूषण बढ़ने के कारण कई नागरिकों ने सांस लेने में परेशानी होने की शिकायत की।
लगातार आग की घटनाओं और बढ़ते प्रदूषण ने दिवाली के जश्न के बीच मिरा-भाईंदर शहर की सुरक्षा और पर्यावरण को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

