यात्री की शिकायत पर मीरा-भायंदर ट्रैफिक पुलिस की कार्रवाई; सोशल मीडिया पर भेजे गए वीडियो से पकड़ा गया चालक

भायंदर : मीरा-भायंदर शहर में यातायात नियमों की अनदेखी कर रिक्शा चलाने वाले चालकों के खिलाफ ट्रैफिक पुलिस ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। मोबाइल फोन पर वीडियो देखते हुए रिक्शा चलाना एक चालक को भारी पड़ गया। यात्री द्वारा बनाए गए वीडियो के आधार पर पुलिस ने चालक की पहचान कर उसका ड्राइविंग लाइसेंस तीन महीने के लिए निलंबित कर दिया। इसके साथ ही नियमों का उल्लंघन करने पर दंडात्मक कार्रवाई भी की गई।
शहर में बड़ी संख्या में ऑटो रिक्शा संचालित होते हैं और यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए यातायात पुलिस द्वारा लगातार नियमों का पालन करने की अपील की जाती है। इसके बावजूद कुछ चालक वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल करते नजर आते हैं। कई बार चालक मोबाइल पर वीडियो देखते हुए या ईयरफोन का इस्तेमाल करते हुए रिक्शा चलाते हैं। ऐसी लापरवाही से चालक का ध्यान सड़क से हटने के कारण दुर्घटना का खतरा बढ़ जाता है।
पुलिस के अनुसार, कुछ दिन पहले मोइन सैयद नामक यात्री ने एक रिक्शा चालक को वाहन चलाते समय मोबाइल फोन पर वीडियो देखते हुए देखा। यात्री ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो रिकॉर्ड कर उसे पुलिस के आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर भेज दिया। वीडियो की जांच के बाद पुलिस ने रिक्शा के नंबर के आधार पर चालक की पहचान की और उसके खिलाफ कार्रवाई की।
यातायात पुलिस ने चालक से नियमों के उल्लंघन के लिए जुर्माना वसूलने के साथ उसका लाइसेंस तीन महीने के लिए निलंबित कर दिया। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद वाहन चलाते समय मोबाइल का इस्तेमाल करने वाले चालकों को कड़ा संदेश गया है।
वीडियो भेजकर पुलिस को करें सूचित
यातायात पुलिस ने नागरिकों से भी अपील की है कि यदि कोई रिक्शा चालक मोबाइल पर वीडियो देखते हुए वाहन चला रहा है या यातायात नियमों का उल्लंघन कर रहा है, तो उसका वीडियो बनाकर पुलिस के आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर भेजें। पुलिस टीम वीडियो की जांच करने के बाद नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित चालक के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करेगी।
पुलिस की इस कार्रवाई से यह स्पष्ट है कि सड़क पर लापरवाही से वाहन चलाने वालों के खिलाफ अब सोशल मीडिया के माध्यम से मिलने वाली शिकायतों पर भी कार्रवाई की जा रही है।
