धार्मिक कार्यक्रम में दिए बयान को लेकर हुआ था विवाद; मनसे, कांग्रेस और मराठी एकीकरण समिति ने जताई थी आपत्ति

ठाणे, 1 अक्टूबर: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक नरेंद्र मेहता ने मीरा-भायंदर को “जैनों का शहर” और “मिनी राजस्थान” बताए जाने वाले अपने हालिया बयान को लेकर गुरुवार को सार्वजनिक रूप से माफी मांगी। दादा गुरुदेव की जयंती के अवसर पर आयोजित एक धार्मिक कार्यक्रम में संबोधित करते हुए मेहता ने कहा था कि क्षेत्र के विधायक, महापौर और नौ नगरसेवक जैन समुदाय से हैं। मेहता के इस बयान के बाद विवाद खड़ा हो गया। महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे), कांग्रेस और मराठी एकीकरण समिति सहित विभिन्न राजनीतिक दलों ने बयान पर कड़ी आपत्ति जताते हुए आरोप लगाया कि इससे क्षेत्र की महाराष्ट्रीयन सांस्कृतिक पहचान को कमतर दिखाया गया है। इसके बाद एक वीडियो संदेश जारी कर नरेंद्र मेहता ने अपने बयान से किसी की भावनाएं आहत हुई हों तो उसके लिए बिना शर्त सार्वजनिक रूप से माफी मांगी। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य किसी भी समुदाय की भावनाओं को ठेस पहुंचाना नहीं था।
